भोपाल, 16 जून।
राजधानी के अरेरा कॉलोनी क्षेत्र में स्थित एक विवादित मकान के सौदे के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर हबीबगंज थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी एक दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोप है कि दंपती ने संपत्ति से जुड़े न्यायालयीन विवाद, बैंक ऋण और सुप्रीम कोर्ट द्वारा बिक्री तथा नीलामी पर लगाए गए स्थगन आदेश की जानकारी छिपाकर एक ठेकेदार के साथ मकान का सौदा किया। इसी दौरान बयाने के रूप में करीब डेढ़ करोड़ रुपये प्राप्त किए गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित संपत्ति को लेकर भाई-बहन के बीच लंबे समय से स्वामित्व विवाद चल रहा है। इसके अलावा मकान पर लिए गए ऋण से जुड़ा मामला भी न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।
शिकायतकर्ता को जब संपत्ति से जुड़े कानूनी विवादों और सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी मिली तो उसने पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने दस्तावेजों और लेन-देन की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि इसी संपत्ति से जुड़ा मामला पहले आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) तक भी पहुंच चुका है। आरोप है कि स्वामित्व विवाद के बावजूद इसी संपत्ति के आधार पर करोड़ों रुपये का बैंक ऋण लिया गया था।
मामले में पूर्व में मल्लिका गर्ग, अंकुर गर्ग और एक बैंक अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई हो चुकी है। अब पुलिस बैंक रिकॉर्ड, अनुबंध दस्तावेजों और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही है।















