ऊना, 04 जुलाई।
ऊना के औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में दुकानों में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने पंजाब से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपित अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंजाब के नंगल निवासी हरविंद्र सिंह उर्फ काकू और सैहजोवाल निवासी परविंद्र सिंह उर्फ अंकू के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि चोरी की वारदात एक संगठित गैंग ने अंजाम दी थी और गिरफ्तार दोनों आरोपित उसी गिरोह से जुड़े हैं।
पुलिस ने बताया कि टाहलीवाल थाने में 6 जून को चोरी का मामला दर्ज होने के बाद जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने हरोली के अलावा पंजाब के अमृतसर, जालंधर, करतारपुर, कपूरथला सहित कई स्थानों पर जांच और छापेमारी की।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर दोनों आरोपितों का पता लगाकर उन्हें पंजाब से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि फरार तीसरे आरोपित की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज ने इस मामले के खुलासे में अहम भूमिका निभाई और भविष्य में भी अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी में ऐसी तकनीक महत्वपूर्ण साबित होगी।
















