अपराध
04 Jul, 2026

31 मामलों के हिस्ट्रीशीटर को नासिक से दबोचा, देशी कट्टा बरामद

अनूपपुर पुलिस ने कार्यालय में फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में 31 आपराधिक मामलों वाले हिस्ट्रीशीटर को नासिक से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से देशी कट्टा बरामद किया है।

अनूपपुर, 04 जुलाई।

अनूपपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर श्रीराम विश्वकर्मा को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार कर लिया है। उस पर रामपुर बटुरा ओपन कोल खदान स्थित एक निजी कंपनी के कार्यालय में फायरिंग कर कर्मचारियों की हत्या का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा भी बरामद किया है। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 7 जून को ग्राम खांडा स्थित जय अंबे प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में श्रीराम विश्वकर्मा अपने दो साथियों के साथ पहुंचा था। कर्मचारियों को काम पर नहीं रखने को लेकर विवाद के दौरान उसने गाली-गलौज की और देशी कट्टे से फायर कर दिया। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने धक्का देकर हमले को विफल कर दिया, जिससे गोली कार्यालय की फर्श में लगी और बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद तीनों आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।

घटना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान दो अन्य आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपित लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर महाराष्ट्र के नासिक में दबिश देकर श्रीराम विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, श्रीराम विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को सम्मानित किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़