मध्य प्रदेश
06 Jul, 2026

शिक्षा, किसान और राज्यसभा नामांकन पर कांग्रेस के निशाने पर सरकार

भोपाल में कांग्रेस की पत्रकार वार्ता में मीनाक्षी नटराजन ने शिक्षा, किसानों, उज्जैन भूमि प्रकरण, राज्यसभा नामांकन और अन्य मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगते हुए जनआंदोलन की घोषणा की।

भोपाल, 06 जुलाई।

भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन ने केंद्र और प्रदेश सरकार को शिक्षा, किसान, भूमि मामलों, राज्यसभा नामांकन और धार्मिक संस्थानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन विषयों को लेकर प्रदेशभर में जनआंदोलन चलाएगी।

पत्रकार वार्ता की शुरुआत में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और उज्जैन भूमि प्रकरण जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। साथ ही बढ़ती खेती लागत के बावजूद किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया।

मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप था कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सरकार सफल नहीं रही। उन्होंने बताया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों को लेकर "छात्रों की गूंज" अभियान चला रही है। इसके अंतर्गत 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा तथा 9 अगस्त को "चलो दिल्ली" अभियान आयोजित किया जाएगा।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि खाद, बीज, डीजल, कीटनाशक और कृषि उपकरणों की कीमतों में बढ़ोतरी से खेती की लागत लगातार बढ़ी है। उन्होंने किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की मांग दोहराई। साथ ही अमेरिका के साथ व्यापार समझौतों और कृषि आयात नीति पर भी सवाल उठाते हुए प्रदेश में मूंग खरीदी का दायरा बढ़ाने और सोयाबीन उत्पादकों के हितों की रक्षा करने की मांग की।

उज्जैन भूमि प्रकरण का उल्लेख करते हुए मीनाक्षी नटराजन ने आरोप लगाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार से लगातार जवाब मांगती रहेगी। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

राज्यसभा नामांकन निरस्त होने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसमें कांग्रेस नेताओं या नामांकन प्रक्रिया से जुड़े लोगों की कोई गलती नहीं थी। उनका आरोप था कि चुनाव आयोग की भूमिका पर उठे सवालों से ध्यान हटाने के लिए अलग-अलग दावे किए गए। उन्होंने कहा कि नामांकन निरस्त करने का आधार कानूनी रूप से उचित नहीं था और कांग्रेस निर्धारित समय सीमा के भीतर हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर करेगी। साथ ही समान परिस्थितियों में अलग-अलग राज्यों में अलग प्रक्रिया अपनाने का भी आरोप लगाया।

दिग्विजय सिंह की उज्जैन से अयोध्या यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर मीनाक्षी नटराजन ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि यह उनका निजी और गैर-राजनीतिक कार्यक्रम है। पत्रकार वार्ता में मुकेश नायक, गौरव रघुवंशी, प्रवीण सक्सेना, स्वदेश शर्मा, कुंदन पंजाबी, अभिनव बरोलिया, राहुल राज और अंशुल त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़