भोपाल, 06 जुलाई।
मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने सोमवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी निर्वाचक नामावली और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही कार्य सुनिश्चित करे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में दतिया के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रामप्रताप सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय श्रीवास्तव और राजेश यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संजीव कुमार झा ने कहा कि आचार संहिता का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, मतगणना स्थल की तैयारियों, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ बैठकों, संपत्ति विरूपण के विरुद्ध कार्रवाई, निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रशिक्षण और ईवीएम के हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण की समीक्षा की। इसके साथ ही निर्वाचन में तैनात किए जाने वाले सुरक्षा बलों की तैयारियों की भी जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, नेटवर्क और आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियों का नियमित संचालन किया जाए और व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों की ओर से प्रतिदिन की जा रही कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सीमावर्ती राज्यों और उनसे जुड़े जिलों के कलेक्टर, जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।



















