आगरमालवा, 06 जुलाई।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को आगरमालवा में भाजपा की ओर से जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कॉटन प्रेस परिसर में हुए कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, अखंड भारत की अवधारणा और उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता एवं सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, अखंड भारत का संकल्प और उनका बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद देश की सबसे बड़ी शक्ति है तथा इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने देश के औद्योगिक विकास की मजबूत आधारशिला रखी। विधायक मधु गेहलोत ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के 'एक विधान, एक निशान और एक संविधान' के संकल्प को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर पूरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया।
जिला मीडिया प्रभारी महेश शर्मा तनोडिया ने बताया कि सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार रखे। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश भी दिया गया।


















