भोपाल, 06 जुलाई।
मध्य प्रदेश के राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा का परिणाम मंगलवार, 7 जुलाई को दोपहर 2 बजे जारी किया जाएगा। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थी और अभिभावक राज्य शिक्षा केंद्र के वेब पोर्टल पर ऑनलाइन अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इसी पोर्टल के माध्यम से शिक्षक और संस्था प्रमुख भी अपनी-अपनी शालाओं का विद्यार्थीवार परिणाम देख पाएंगे।
राज्य शिक्षा केंद्र ने 16 से 23 जून 2026 के बीच कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा आयोजित कराई थी। इस परीक्षा में प्रदेश की शासकीय, अशासकीय शालाओं और पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 1 लाख 17 हजार से अधिक तथा कक्षा 8वीं के 1 लाख 32 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। 17 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर प्राप्तांक की ऑनलाइन प्रविष्टि पोर्टल पर दर्ज की है। अब विद्यार्थी मंगलवार दोपहर 2 बजे से अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकेंगे।



















