उत्तर 24 परगना, 06 जुलाई।
जिले के संदेशखाली क्षेत्र में अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर बसीरहाट पुलिस जिले की नाजाट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित के घर से एक देसी पाइपगन (वन शॉटर) और सात जिंदा कारतूस जब्त किए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, राजबाड़ी आउट पोस्ट को सूचना मिली थी कि शंकरदह गांव निवासी सलाउद्दीन मोल्ला ने अपने घर में अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे हैं। सूचना के आधार पर विशेष पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में बने एक गुप्त स्थान से एक देसी पाइपगन और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने सलाउद्दीन मोल्ला को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बरामद हथियारों का उपयोग किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से किया जा सकता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये अवैध हथियार कहां से लाए गए और इन्हें कहां पहुंचाने या इस्तेमाल करने की योजना थी।
पुलिस अधीक्षक अलकनंदा भवाल ने बताया कि आरोपित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। आरोपित को सोमवार को बसीरहाट महकमा न्यायालय में पेश किया गया।
गौरतलब है कि जून माह की शुरुआत में भी संदेशखाली-दो ब्लॉक के मणिपुर इलाके में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किए थे। उस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। अब एक बार फिर संदेशखाली से हथियार और कारतूस की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।



















