नई दिल्ली, 06 जुलाई।
सीबीआई ने रिश्वतखोरी के एक मामले में एनएचएआई शिलांग के परियोजना निदेशक सहित दो निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद दर्ज किए गए मामले की जांच के दौरान की गई।
जांच एजेंसी के अनुसार एक जुलाई को एनएचएआई शिलांग के आरोपित लोक सेवक, एक निजी व्यक्ति और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में एनएचएआई के परियोजना निदेशक (पीआईयू) आनंद सिंह चौहान तथा निजी व्यक्ति पुनीत अग्रवाल और मनीष अग्रवाल शामिल हैं।
सीबीआई ने बताया कि जाल बिछाकर एक निजी व्यक्ति को शिकायतकर्ता से चार लाख रुपये की रिश्वत मांगते और लेते समय रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच के दौरान आरोपितों से जुड़े विभिन्न परिसरों में तलाशी अभियान भी चलाया गया।
जांच एजेंसी के मुताबिक एनएचएआई के परियोजना निदेशक पर शिकायतकर्ता से 13.38 करोड़ रुपये के बकाया बिल को पारित कराने के बदले 12 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। आरोप है कि शिकायतकर्ता से पहले चार लाख रुपये अग्रिम देने को कहा गया था।
सीबीआई के अनुसार आरोपित लोक सेवक ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम गुवाहाटी में एक व्यक्ति को सौंपने के निर्देश दिए थे, जिसने आगे यह राशि दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही थी। मामले की जांच जारी है।



















