भोपाल, 06 जुलाई।
आमजन तक सुशासन की पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को वार्ड-33 के भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी मंगल भवन और भीम नगर क्षेत्र में चौपाल लगाकर नागरिकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने भीम नगर में जल्द विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिविर के दौरान नागरिकों की शिकायतों का मौके पर समाधान किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए और दस्तावेजों सहित अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े कार्य भी शिविर में ही पूरे किए जाएं।
क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को सड़क, पेयजल, सफाई, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का सर्वे कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने नागरिकों की शिकायतें दर्ज कर उनके शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।



















