मध्य प्रदेश
06 Jul, 2026

5 रुपये के नोट पर 36 लाख का लालच, युवक से साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार

राजगढ़ में इंस्टाग्राम पर पांच रुपये के पुराने नोट के बदले 35.96 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर 1.04 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपित को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया।

राजगढ़, 06 जुलाई।

पांच रुपये के पुराने नोट के बदले लाखों रुपये दिलाने का झांसा देकर युवक से साइबर ठगी करने वाले आरोपित को राजगढ़ पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। माचलपुर थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित के कब्जे से ठगी की पूरी 1,04,927 रुपये की नकद राशि और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम गौरियाखेड़ा निवासी 21 वर्षीय गोविंद सौंधिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जून को उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा, जिसमें पांच रुपये के पुराने नोट के बदले 35.96 लाख रुपये देने का दावा किया गया था। संपर्क करने पर आरोपित ने सबसे पहले क्यूआर कोड भेजकर 520 रुपये जमा कराए। इसके बाद प्रोसेसिंग, डिलीवरी और अन्य कारण बताकर अलग-अलग किस्तों में 4 हजार, 2,200, 2 हजार रुपये सहित कई बार भुगतान कराया।

आरोपित ने बाद में युवक के चाचा के मोबाइल से भी यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर करवाई। इस तरह दो अलग-अलग क्यूआर कोड पर कुल 14 ट्रांजेक्शन के जरिए 1,04,927 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर टीम के साथ तकनीकी जांच शुरू की।

डिजिटल साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के ओदाका निवासी 24 वर्षीय सिकंदर वाल्मीकि को गिरफ्तार किया। उसके पास से ठगी की पूरी नकद राशि के अलावा वीवो और रेडमी कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। दोनों मोबाइल का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है।

पुलिस का मानना है कि आरोपित किसी बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इसी संभावना को देखते हुए अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में माचलपुर पुलिस, साइबर टीम और अलवर पुलिस के संयुक्त सहयोग से की गई।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़