अशोकनगर, 06 जुलाई।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने दिल्ली सराय रोहिल्ला और अशोकनगर के बीच एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर संचालित की जाएगी।
दिल्ली से अशोकनगर के लिए गाड़ी संख्या 04004 26 जुलाई (रविवार) को दोपहर 12:15 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन 27 जुलाई को तड़के 4:00 बजे अशोकनगर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04003 30 जुलाई (गुरुवार) को शाम 5:00 बजे अशोकनगर रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन 31 जुलाई को सुबह 8:45 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव फरीदाबाद, पलवल, कोसीकलां, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, धौलपुर, ग्वालियर जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन और बीना जंक्शन पर रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक थर्ड एसी, दो स्लीपर, 19 जनरल और दो एसएलआर कोच शामिल रहेंगे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अशोकनगर और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन सुविधाजनक रहेगी।



















