राजनीति
06 Jul, 2026

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा की आधारशिला, अमित शाह बोले- 'सोनार बांग्ला' हमारा संकल्प

पश्चिम बंगाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा की आधारशिला रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'सोनार बांग्ला' के संकल्प, राष्ट्रवाद और विकास को लेकर अपनी बात रखी।

कोलकाता, 06 जुलाई।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के बागनान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के भूमि पूजन और आधारशिला कार्यक्रम में कहा कि यह केवल स्मारक निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि 'सोनार बांग्ला' के संकल्प की आधारशिला भी है। उन्होंने कहा कि रवींद्रनाथ ठाकुर, रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, श्री अरविंद, खुदीराम बोस और राजा राममोहन राय की कल्पना वाले बंगाल के पुनर्निर्माण की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

अमित शाह ने कहा कि लंबे समय बाद पश्चिम बंगाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती सरकारी सम्मान के साथ मनाई गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी की स्मृति में बनाया जा रहा भव्य स्मारक आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और राष्ट्रवाद के प्रति प्रेरित करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रस्तावित प्रतिमा परिसर के निकट राष्ट्रीय सुरक्षा पर अनुसंधान के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्थान स्थापित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का जो विचार आगे बढ़ाया था, वह आज भाजपा के रूप में विस्तृत स्वरूप में सामने है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर उसी विचारधारा के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने कम समय में जनता से किए गए चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस पहल की है। उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में इतने बड़े स्तर पर चुनावी वादों को पूरा करने का उदाहरण अन्य राज्यों में देखने को नहीं मिला है। उनके अनुसार राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरित सरकार जब परिवारवाद और स्वार्थ की राजनीति से ऊपर उठकर संगठन के सिद्धांतों के आधार पर कार्य करती है, तब व्यापक परिवर्तन संभव होता है। उनका कहना था कि भाजपा ने देश के कई राज्यों में इस प्रकार का बदलाव कर दिखाया है।

अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों के हित में भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि धार्मिक, बौद्धिक, साहित्यिक और राष्ट्रवादी परंपरा से समृद्ध पश्चिम बंगाल आने वाले समय में और अधिक सशक्त होकर देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़