मुरादाबाद, 06 जुलाई।
महानगर के कटघर थाना क्षेत्र में युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभिषेक गुप्ता और मोहित गुप्ता को पकड़ लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने कटघर थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि मझोला थाना क्षेत्र के नया गांव लाकड़ी फाजलपुर निवासी अभिषेक गुप्ता और मोहित गुप्ता ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। आरोप है कि 29 जून को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोनों उसे कोतवाली क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपितों की तलाश की जा रही थी।
क्षेत्राधिकारी कटघर गौरव तिवारी ने बताया कि सोमवार दोपहर सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकेबंदी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।



















