भागलपुर, 10 जुलाई।
सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के साधुबाबा स्थान के समीप शुक्रवार को बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने कटहरा हाई स्कूल की महिला लिपिक रंजु कुमारी पर गोली चला दी। राहत की बात यह रही कि वह इस हमले में बाल-बाल बच गईं।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर महिला लिपिक और विद्यालय के शिक्षकों ने प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद बीडीओ संजीव कुमार, सांख्यिकी पदाधिकारी राकेश कुमार तथा थानाध्यक्ष धन्नजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रंजु कुमारी से घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।
महिला लिपिक रंजु कुमारी ने बताया कि वह नारायणपुर गांव से ई-रिक्शा में सवार होकर कटहरा हाई स्कूल जा रही थीं। रास्ते में साधुबाबा स्थान के पास पहुंचते ही दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने ई-रिक्शा को रोक लिया और उन पर दो गोलियां चला दीं। हालांकि दोनों गोलियां उन्हें नहीं लगीं।
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है और फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।












.jpg)
