दरभंगा, 10 जुलाई।
अलीनगर थाना क्षेत्र के इमामगंज गांव में महिला के साथ मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, इमामगंज निवासी बबीता देवी, पत्नी हेरराम यादव, ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया कि 8 जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे गांव के कुछ लोगों ने लाठी, चाकू और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके साथ ही घर में तोड़फोड़, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद घायल महिला का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीनगर में कराया गया। पीड़िता की शिकायत पर अलीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी चंद्रशेखर यादव, विनोद यादव और कुलदीप यादव, सभी निवासी इमामगंज, थाना अलीनगर, जिला दरभंगा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।












.jpg)
