नालंदा, 10 जुलाई।
मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के मामले में तेल्हाड़ा थाना पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कई लोगों से बड़ी रकम वसूल चुका था। पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।
तेल्हाड़ा थाना प्रभारी अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान एकंगरसराय निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने विभाग से जुड़े कुछ बिचौलियों की मदद से शुरुआत में गांव के कुछ लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम पर लगवाया था। इससे क्षेत्र के लोगों का उस पर भरोसा बढ़ गया।
इसी विश्वास का लाभ उठाकर आरोपित ने अन्य लोगों से भी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम लेना शुरू कर दिया। जिन लोगों को काम पर लगाया गया था, उन्होंने करीब तीन महीने तक कार्य किया, लेकिन उन्हें वेतन नहीं मिला। इसके बाद उन्हें पूरे मामले पर संदेह हुआ और धीरे-धीरे ठगी की जानकारी सामने आने लगी। संबंधित कार्यालयों से जानकारी लेने पर पीड़ितों को अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला।
इसके बाद ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से तेल्हाड़ा थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उससे ठगी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित के खिलाफ अन्य थाना क्षेत्रों में भी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस सभी मामलों का सत्यापन कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।











.jpg)

