सागर, 10 जुलाई।
बण्डा थाना क्षेत्र के एक शासकीय विद्यालय में घुसकर शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ मारपीट तथा अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ समय तक भय और तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस के मुताबिक, घटना ग्राम क्वायला स्थित शासकीय विद्यालय की है। विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका लक्ष्मी सोनी (61), निवासी नया मोहल्ला वार्ड क्रमांक-9, बण्डा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि पढ़ाई के दौरान गांव के निवासी नीलेश उर्फ डिल्लू यादव (27) और सोनू दांगी (30) जबरन विद्यालय परिसर में घुस आए और विवाद करने लगे।
शिकायत में कहा गया है कि शिक्षकों ने जब दोनों युवकों को शांत रहने और विद्यालय से बाहर जाने के लिए कहा तो वे उग्र हो गए। आरोप है कि दोनों ने शिक्षकों के साथ गाली-गलौज की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और कक्षा में मौजूद विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के साथ मारपीट की। घटना से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे भयभीत हो गए।
शिकायत के आधार पर बण्डा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 471/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला कायम किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल बण्डा भेज दिया गया।











.jpg)

