मुरादाबाद, 10 जुलाई।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ठगी का विरोध करने पर फायरिंग भी करता था। गिरफ्तार सभी आरोपित उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के निवासी बताए गए हैं।
शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन अभिनव द्विवेदी ने बताया कि फतेहपुर जिले के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम हसनपुर निवासी महेंद्र कुमार ने गुरुवार को थाना सिविल लाइन में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के थाना आईटीआई क्षेत्र के रहने वाले काव्यांश शर्मा, अक्षय, दीपक, सूरज वोहरा और गुलशेर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, दो तमंचे, एक चाकू, नकदी और एक कार भी बरामद की गई।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।












.jpg)
