राजसमंद, 15 जुलाई।
मेवाड़ के प्रसिद्ध तीर्थधाम सांवरिया सेठ के नाम पर साइबर ठगी का प्रयास सामने आया है। ठगों ने गौ सेवा के लिए ऑनलाइन दान लेने के बाद कार और बुलेट मोटरसाइकिल जीतने का झांसा देकर हजारों रुपये एडवांस जमा कराने की कोशिश की। हालांकि पीड़िता की सतर्कता के कारण ठगी की वारदात टल गई।
पीड़िता एवं आशा सहयोगिनी मीना दवे ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया, जिसमें गौ सेवा के लिए 199 रुपये का ऑनलाइन डोनेशन करने की अपील की गई थी। धार्मिक आस्था के चलते उन्होंने 199 रुपये ऑनलाइन भेज दिए। कुछ समय बाद फोन कर उन्हें बताया गया कि लकी ड्रा में उनके नाम कार निकली है और उसे प्राप्त करने के लिए जीएसटी के नाम पर 35 हजार रुपये जमा कराने होंगे।
शक होने पर उनके पति ने भी उसी लिंक पर 199 रुपये भेजकर जानकारी लेने का प्रयास किया। इसके बाद ठगों ने बुलेट मोटरसाइकिल जीतने का दावा करते हुए 12,500 रुपये जमा कराने की मांग की। साथ ही आधे घंटे के भीतर राशि जमा करने का दबाव भी बनाया गया।
दंपती ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत राजसमंद साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आस्था, डोनेशन, लकी ड्रा या इनाम के नाम पर भेजे जाने वाले किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लिंक पर भरोसा न करें। ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को देकर साइबर ठगी से बचाव करें।














