शहडोल, 16 जुलाई।
उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में चल रहे निर्माणाधीन कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं और उनका लोकार्पण स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कराया जाए।
बैठक में विजयसोता पुल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस परियोजना को तेजी से पूरा कर 31 अक्टूबर तक आमजन के लिए उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर बालिकाओं के हीमोग्लोबिन, एनीमिया तथा अन्य स्वास्थ्य परीक्षण कराने और आवश्यकता अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा जनजातीय विभाग को आपसी समन्वय के साथ मैदानी स्तर पर कार्य करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बताया कि जिले में नियुक्त 24 नए मेडिकल अधिकारियों की सेवाएं विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध कराई जाएं और कोई भी स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टरों के बिना न रहे।
उप मुख्यमंत्री ने सुझावों के आधार पर बस स्टैंड से मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मेडिकल चौराहे पर जंक्शन परियोजना का प्रस्ताव भेजने, मेडिकल कॉलेज में सिकल सेल वार्ड बनाने तथा सोयाबीन फसल प्रभावित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में शहडोल-उमरिया सड़क मार्ग, हिरवार सिंचाई माइक्रो परियोजना, शहडोल नगर के सीवरेज प्रोजेक्ट, जल जीवन मिशन और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में तेजी लाने और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों ने भाग लिया।














