बलरामपुर, 16 जुलाई।
गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ बलरामपुर पुलिस और ओडिशा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे ओडिशा के चार आरोपितों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। ये सभी वर्ष 2025 और 2026 में बसंतपुर थाना क्षेत्र से जब्त 3.139 टन गांजा की खेप ट्रकों में लोड कराने में शामिल बताए गए हैं। दोनों मामलों में अब तक कुल नौ आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस और भुवनेश्वर एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर चार और आरोपितों को पकड़ा। गिरफ्तार सभी आरोपित ओडिशा के कंधमाल जिले के निवासी हैं और ट्रकों में गांजा की खेप लोड कराने की भूमिका निभाते थे।
पुलिस ने बताया कि बसंतपुर थाना क्षेत्र में 29 दिसंबर 2025 को एक ट्रक से 1198.460 किलोग्राम तथा 11 जून 2026 को दूसरे ट्रक से 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। दोनों मामलों में कुल 3139.570 किलोग्राम गांजा जब्त हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये आंकी गई है।
संयुक्त जांच के दौरान गिरफ्तार ट्रक चालकों और अन्य आरोपितों से पूछताछ में पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी सामने आई। तकनीकी साक्ष्यों, जीपीएस लोकेशन और आरोपितों की निशानदेही के आधार पर पता चला कि ओडिशा के लोपा ढाबा क्षेत्र के पास स्थानीय लोगों की मदद से ट्रकों में गांजा लोड कराया गया था।
इसी बीच ओडिशा एसटीएफ ने 24 जून 2026 को एक अन्य कार्रवाई में गांजा के साथ गिरफ्तार एक आरोपित से पूछताछ की। उससे मिली जानकारी के आधार पर बलरामपुर पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। पूछताछ और पहचान परेड के दौरान चारों ने ट्रकों में गांजा लोड कराने में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दुर्वीशा साहू, सुभुधी साहू, अरुणकुमार राणा और प्रकाश खड़ंगा के रूप में हुई है। सभी ओडिशा के कंधमाल जिले के निवासी हैं। गुरुवार को सभी आरोपितों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।














