मध्य प्रदेश
16 Jul, 2026

स्कूल बैग से निकली नागिन, शिक्षक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

सागर के चांदपुर शासकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्र के बैग से नागिन निकलने पर दहशत फैल गई, लेकिन शिक्षक की तत्परता से उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर बड़ा हादसा टाल दिया गया।

सागर, 16 जुलाई।

सागर जिले के रहली क्षेत्र स्थित चांदपुर शासकीय प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्र ने अपना स्कूल बैग खोला और उसमें से नागिन निकल आई। घटना से कक्षा में मौजूद बच्चे घबरा गए, लेकिन शिक्षक की सूझबूझ से समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, नर्सरी का छात्र भास्कर अहिरवार रोज की तरह विद्यालय पहुंचा था। प्रार्थना सभा के बाद जब कक्षाएं शुरू हुईं तो वह बैग से किताब निकालने लगा। जैसे ही उसने बैग की चेन खोली, उसमें से करीब डेढ़ फीट लंबी नागिन फुफकारते हुए दिखाई दी। यह देखकर छात्र डर गया और बैग छोड़कर कक्षा से बाहर भाग निकला। उसकी आवाज सुनते ही अन्य बच्चे भी कक्षा से बाहर निकल आए।

बच्चों का शोर सुनकर विद्यालय का स्टाफ मौके पर पहुंचा। बैग में नागिन होने की जानकारी मिलते ही कुछ समय के लिए विद्यालय में दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान शिक्षक अभय यादव ने सावधानी बरतते हुए बैग को उठाकर विद्यालय परिसर से बाहर सुरक्षित स्थान पर रख दिया।

बैग जमीन पर रखते ही नागिन बाहर निकल आई। इसके बाद शिक्षक ने सतर्कता के साथ उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर लिया। बाद में नागिन को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।

शिक्षक अभय यादव ने बताया कि यदि छात्र अनजाने में बैग के भीतर हाथ डाल देता या समय रहते स्थिति को नहीं संभाला जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली। वहीं, शिक्षक की सतर्कता और साहस की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़