सिलीगुड़ी, 16 जुलाई।
सिर कटा शव मिलने के मामले में बागडोगरा पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मृतक की पत्नी और उसका कथित प्रेमी भी शामिल हैं। गुरुवार को पुलिस ने घटनास्थल से कुछ किलोमीटर दूर फांसीदेवा क्षेत्र से एक सिर भी बरामद किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पहचान छिपाने के उद्देश्य से हत्या के बाद शव का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। मंगलवार को हंसखोवा चाय बागान में चाय पत्तियां तोड़ रहे मजदूरों ने बिना सिर का शव देखा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मृतक की पत्नी ममीना बेगम और उसके कथित प्रेमी सुदीप पाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा तीन अन्य सहयोगियों निताई पाल, बापी पाल और कौशिक नाथ को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, पत्नी का पिछले सात वर्षों से प्रेम संबंध था और इसी के चलते पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। आरोपित सुदीप पाल ने मोहम्मद इमाम को बिहार के किशनगंज से बागडोगरा बुलाया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। घटना स्थल से कुछ दूरी पर फांसीदेवा इलाके से एक सिर बरामद हुआ है, जिसकी पहचान की पुष्टि की जा रही है। सभी आरोपितों को गुरुवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।














