सुपौल, 16 जुलाई।
जदिया थाना क्षेत्र के परसागढ़ी उत्तर पंचायत स्थित बिरंची कामत हाट, हरिनाहा में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। बदमाशों ने एक कपड़ा दुकान का शटर तोड़कर करीब 3.55 लाख रुपये के नए कपड़े और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पीड़ित दुकानदार विजेंद्र मेहता ने बताया कि बिरंची कामत हाट में उनकी 'मां तारा वस्त्रालय' नाम से कपड़ों की दुकान है। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें दुकान का शटर टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान का सामान बिखरा मिला और लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य के नए कपड़े तथा गल्ले में रखे पांच हजार रुपये नकद गायब थे।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पूरी वारदात सामने आई। फुटेज के अनुसार रात 12:41 बजे अज्ञात बदमाश शटर तोड़कर दुकान में घुसे और सुनियोजित तरीके से चोरी कर फरार हो गए। दुकानदार ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दी है, जिससे आरोपितों की पहचान होने की उम्मीद जताई जा रही है।
दुकानदार का कहना है कि इसी परिसर में स्थित उनकी दूसरी दुकान भी पहले कई बार चोरों के निशाने पर आ चुकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय कारोबारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हो गई है। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।














