जोधपुर, 16 जुलाई।
नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से जोधपुर पुलिस आयुक्तालय, औषधि नियंत्रण विभाग और नारकोटिक्स विभाग ने सूरसागर क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर्स पर छापेमारी की। मेडिकल दुकानों से नशीली दवाइयों की बिक्री की सूचना मिलने के बाद यह अभियान संचालित किया गया।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में सूरसागर थाना पुलिस ने औषधि नियंत्रण विभाग और नारकोटिक्स विभाग के साथ मिलकर संयुक्त टीमों का गठन किया। सूरसागर क्षेत्र में अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सर्किल स्तर पर विशेष अभियान चलाया गया।
गठित टीमों ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कालीबेरी और चौपड़ खनन क्षेत्र के आसपास स्थित मेडिकल स्टोर्स तथा अन्य स्थानों पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री और संबंधित गतिविधियों को लेकर गहन जांच की।
कार्रवाई के दौरान औषधि नियंत्रण विभाग और नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने भी अभियान में भाग लिया। संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जांच की प्रक्रिया पूरी की।
जांच के दौरान दो मेडिकल दुकानों में बिक्री और स्टॉक से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने नियमानुसार मौके पर रिपोर्ट तैयार की। संबंधित दुकानों के लाइसेंस निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए मामला विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजा गया है।














