रायगढ़, 16 जुलाई।
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी से ढका मिला महिला का शव मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपित ने लकड़ी के पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया है।
13 जुलाई को मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर की झाड़ियों में प्लास्टिक की बोरी से ढका 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में पता चला कि मृतका और उसका पति मोहब्बत चौहान पिछले करीब एक वर्ष से वहीं रहकर देखरेख और काम कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि दोनों शराब पीने के आदी थे और आरोपित अक्सर नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था।
जांच के दौरान गवाहों ने बताया कि 12 जुलाई की रात पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की आवाजें सुनाई दी थीं। अगले दिन शाम बच्चों ने झाड़ियों में बोरी से ढका शव देखा, जिसकी पहचान मृतका के पुत्र लालजीत चौहान ने अपनी मां के रूप में की। घटना के बाद से आरोपित फरार चल रहा था।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के यहां गिरवी रख दिया था। मोबाइल को लेकर हुए विवाद में उसने गुस्से में पत्नी की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहब्बत चौहान निवासी ग्राम डगभौना, थाना कापू, हाल मुकाम मस्जिदपारा, धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपित पहले भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा अथवा पारिवारिक विवाद के दौरान होने वाले गंभीर अपराधों को पूरी गंभीरता से लिया जाता है और ऐसे मामलों में त्वरित जांच कर आरोपितों को कानून के दायरे में लाया जाता है।













