भिंड, 16 जुलाई।
भिंड जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने उसे जबरन बंधक बनाकर कार में बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय युवती बुधवार शाम मंदिर जाने वाले रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान नावली गांव निवासी सुमित यादव अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने युवती का रास्ता रोककर उसे जबरन सफेद रंग की कार में बैठा लिया। इसके बाद उसे बीहड़ इलाके के एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां तीनों आरोपितों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद रात करीब 11 बजे आरोपित युवती को छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी जानकारी दी और उनके साथ सुरपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया। इसके बाद रात करीब 12 बजे पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि वहां मेडिकल जांच के लिए उसे पूरी रात इंतजार करना पड़ा। इस दौरान पीड़िता और उसके परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों तथा अस्पताल के मेडिकल स्टाफ से परीक्षण कराने की मांग भी की।
पीड़िता का आरोप है कि महिला आरक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचने के बावजूद मेडिकल परीक्षण में हो रही देरी को लेकर कोई पहल नहीं की गई। गुरुवार सुबह कलेक्टर से संपर्क होने के बाद ही उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मामले में एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एक नामजद और दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।














