मथुरा, 16 जुलाई।
सुरीर थाना क्षेत्र के गांव बेरा में गुरुवार सुबह दीवार निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 की पीआरवी टीम ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन एक पक्ष के लोगों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को मौके से पीछे हटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, गांव बेरा निवासी संदीप कुमार और दूसरे पक्ष के कुमरपाल, अमर सिंह सहित अन्य लोगों के बीच लंबे समय से दीवार निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। संदीप पक्ष जहां दीवार बनाने का प्रयास कर रहा था, वहीं दूसरा पक्ष सड़क किनारे दीवार बनाए जाने का विरोध कर रहा था। गुरुवार सुबह इसी विवाद ने तूल पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस पर ही फूट पड़ा। देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया और भीड़ ने पुलिस वाहन में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी मांट भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन का निरीक्षण किया तथा वायरल वीडियो को भी जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस के साथ अभद्रता करने और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपितों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद सभी दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














