अपराध
16 Jul, 2026

एक रात में दो घरों में चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

उरई के रामपुरा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक ही रात दो घरों में चोरी कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

उरई, 16 जुलाई।

रामपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के चोरी की दो घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में दो मकानों में हुई वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत टीहर के मजरा कुनियापुरा निवासी ज्ञान सिंह पाल अपनी पत्नी विमला देवी के साथ रहते हैं। उनका बड़ा बेटा गांव में अलग मकान में रहता है, जबकि छोटा बेटा बाराबंकी में रोजगार करता है। बुधवार रात दंपती मकान की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़ दिए। चोर करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा मिला और चोरी की जानकारी होने पर सभी हैरान रह गए।

इसी रात गांव के बाहरी हिस्से में रहने वाले 80 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक तुलाराम दोहरे के घर में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपित खिड़की तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों में रखे सोने-चांदी के जेवरात के साथ 75 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय तुलाराम अपने छोटे पुत्र सुरेंद्र के साथ घर में मौजूद थे, लेकिन किसी को भी चोरों की आहट नहीं लगी।

गुरुवार सुबह दोनों परिवारों ने रामपुरा थाने में घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।

पुलिस का कहना है कि पीड़ितों से तहरीर मिलने के बाद चोरी हुए सामान का सही मूल्यांकन किया जाएगा। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़