भोपाल, 16 जुलाई।
राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सेना भर्ती कार्यालय, जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तार से समीक्षा कर समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री सारंग ने कहा कि अग्निवीर भर्ती रैली केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और अभ्यर्थी हितैषी वातावरण में संपन्न कराने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। साथ ही राज्य सरकार की ओर से सेना भर्ती कार्यालय और जिला प्रशासन को हर आवश्यक सहयोग देने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि भर्ती रैली में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आएंगे। इसे देखते हुए यातायात, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास और संयुक्त निरीक्षण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग को अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 400 मीटर एथलेटिक्स ट्रैक, परीक्षण क्षेत्र, खेल मैदान और अन्य खेल अधोसंरचना तैयार रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, जबकि स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम, चिकित्सक, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा गया।
नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को बैरिकेडिंग, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, कचरा प्रबंधन और परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पेयजल, टेंट, शेड, बैठने की व्यवस्था, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, अग्निशमन वाहन, अस्थायी विद्युत कनेक्शन, जनरेटर बैकअप, इंटरनेट सुविधा तथा दस्तावेज सत्यापन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए न्यूनतम दरों पर भोजन और नाश्ते के स्टॉल लगाने का भी निर्णय लिया गया।
मंत्री सारंग ने निर्देश दिए कि भर्ती रैली शुरू होने से पहले सेना भर्ती कार्यालय, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
उल्लेखनीय है कि यह सेना भर्ती रैली 28 जुलाई से 8 अगस्त तक नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी। इसमें मध्य प्रदेश के 15 जिलों के अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी और ट्रेड्समैन श्रेणियों में भाग लेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए धर्म गुरु और एजुकेशन हवलदार श्रेणी की भर्ती भी आयोजित की जाएगी।













