दतिया, 16 जुलाई।
दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में गुरुवार को फ्लैग मार्च निकालकर विभिन्न गांवों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देश पर उपरांय, सीतापुर और बड़ौनकलां गांवों में पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया। साथ ही स्पष्ट किया कि उपचुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि, डराने-धमकाने या शांति भंग करने के प्रयास पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। फ्लैग मार्च का उद्देश्य मतदाताओं में विश्वास बढ़ाना, क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है। ग्रामीणों ने भी पुलिस की पहल का स्वागत करते हुए शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग का भरोसा दिलाया।
इधर, विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में जिले के मुद्रकों और प्रकाशकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव प्रचार सामग्री के मुद्रण और प्रकाशन से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि चुनाव प्रचार से जुड़ी किसी भी मुद्रित सामग्री का प्रकाशन और मुद्रण आयोग के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ही किया जाएगा। प्रत्येक पोस्टर, पंपलेट, हैंडबिल और अन्य प्रचार सामग्री पर मुद्रक तथा प्रकाशक का नाम, पता और आवश्यक प्रिंटलाइन अंकित करना अनिवार्य होगा। बिना निर्धारित घोषणा-पत्र के किसी भी चुनाव सामग्री का मुद्रण नहीं किया जाएगा।
मुद्रकों और प्रकाशकों को निर्देश दिए गए कि वे मुद्रित सामग्री का पूरा अभिलेख सुरक्षित रखें और आयोग के निर्धारित प्रारूप के अनुसार आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते रहें। साथ ही आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए किसी भी भ्रामक, आपत्तिजनक या नियमों के विपरीत सामग्री का मुद्रण नहीं करने के लिए कहा गया।














