भोपाल, 16 जुलाई।
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा और पुलिस महानिरीक्षक (देहात) रूचिवर्धन सिंह की अध्यक्षता में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों और दोनों विभागों के बीच समन्वय से जुड़े विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, नशाग्रस्त व्यक्तियों के पुनर्वास, सीसीटीवी स्थापना, शस्त्र लाइसेंस, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय तथा टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि आगामी एक माह में विभिन्न त्योहारों को ध्यान में रखते हुए बाउंड ओवर सहित सभी प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों को गंभीरता से अमल में लाया जाए। उन्होंने प्रत्येक थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से समन्वय बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद हुई राजस्व समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि आमजन को राजस्व विभाग की सक्रिय और संवेदनशील कार्यशैली का अनुभव होना चाहिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजस्व प्रकरण का एक से दो दिन के भीतर पंजीयन किया जाए तथा ब्लॉक और तहसील स्तर पर नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।














