भोपाल, 16 जुलाई।
राजधानी की हनुमानगंज पुलिस ने नाबालिग लड़कियों की मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए उसके मुख्य सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी करीब एक वर्ष से फरार चल रहे थे और लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि 24 जनवरी 2025 को एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत थाना हनुमानगंज में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और सैकड़ों मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया गया। जांच के आधार पर एक नाबालिग बालिका को शिवपुरी जिले के बेड़िया डेरे से तथा दूसरी को गुना जिले की सपेरा बस्ती से सुरक्षित बरामद किया गया।
विवेचना में सामने आया कि गिरोह के सदस्य नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते थे और उन्हें देह व्यापार के उद्देश्य से बेच देते थे। इस मामले में इससे पहले विनोद प्रजापति, बप्पा नाथ उर्फ लाल नाथ सपेरा तथा रितिक सपेरा को गिरफ्तार किया जा चुका है।
आगे की जांच में गिरोह के मुख्य सरगना हेमराज और रमेश नाथ की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने दोनों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
भोपाल पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच अभी जारी है। पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।














