अपराध
16 Jul, 2026

पारिवारिक विवाद में नाबालिग साली की हत्या, जीजा महाराष्ट्र से गिरफ्तार

धार जिले में पारिवारिक विवाद के चलते 12 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने गुजरात और महाराष्ट्र में तलाश के बाद आरोपित जीजा को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

धार, 16 जुलाई।

धार जिले में पारिवारिक विवाद के बीच 12 वर्षीय नाबालिग की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने वारदात के बाद गुजरात होते हुए महाराष्ट्र भागे आरोपित जीजा को तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, बाग थाना क्षेत्र के ग्राम रिसावला निवासी 12 वर्षीय बालिका 12 जुलाई को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बालिका के जीजा अनिल पर संदेह जताया था। तलाश के दौरान पाडलिया घाटी स्थित वन विभाग के एक कुएं से बालिका का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच तेज कर दी।

जांच में सामने आया कि आरोपित अनिल पिता शेरसिंह दोहदिया (24), निवासी अलीराजपुर, का मृतका की बड़ी बहन से फरवरी 2026 में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क हुआ था। बाद में दोनों ने प्रेम विवाह किया, लेकिन कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद के कारण उनके संबंधों में तनाव बढ़ गया।

पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपित ने बदला लेने की नीयत से अपनी नाबालिग साली को जंगल में स्थित कुएं तक ले जाकर धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले गुजरात और फिर महाराष्ट्र चला गया।

आरोपित की तलाश में पुलिस और साइबर सेल लगातार जुटी रही। तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिले इनपुट के आधार पर पहले गुजरात में दबिश दी गई। बाद में उसके महाराष्ट्र के शाहदा में होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़