भोपाल, 16 जुलाई।
राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय परिसर से जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है।
जागरूकता रथ शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और विभिन्न कॉलोनियों में पहुंचकर नागरिकों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देगा। इसके माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और यदि कहीं मादक पदार्थों की बिक्री, सेवन या इससे जुड़ी किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित, स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। पुलिस का यह अभियान जनजागरूकता के माध्यम से समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने की दिशा में लगातार जारी रहेगा।














