बक्सर, 16 जुलाई।
हत्या मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को बक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, टिलक राय का हाता थाना कांड संख्या 187/2023 में फरार चल रहे आरोपित ओमप्रकाश यादव को विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपित रामअवतार यादव और उसके सहयोगियों पर टिलक राय का हाता थाना क्षेत्र के सिमरी इलाके में आपसी विवाद के दौरान मारपीट करने का आरोप है। घटना में घायल रायचंद यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस प्रकरण में तीन आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि ओमप्रकाश यादव वारदात के बाद से लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इटाढ़ी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई की। इसी क्रम में 15 जुलाई की रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान ओमप्रकाश यादव, पिता रामअवतार यादव, निवासी टिलक राय का हाता, थाना टिलक राय का हाता, जिला बक्सर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (इटाढ़ी), टिलक राय का हाता थाना पुलिस, डीआईयू बक्सर तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।














