मध्य प्रदेश
16 Jul, 2026

वीर जवान तुलसी यादव को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

मुरैना के कैलारस स्थित गृहग्राम में मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र पुलिस बल और हॉक फोर्स के जवान तुलसी यादव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जहां सैकड़ों जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।

मुरैना, 16 जुलाई।

मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र पुलिस बल और हॉक फोर्स में अपनी सेवाएं देने वाले तुलसी यादव का गुरुवार को गृहग्राम हरलाल का पुरा, कैलारस में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके इकलौते पुत्र राजवीर ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के दौरान मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र पुलिस बल और हॉक फोर्स के सैकड़ों जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।

गुरुवार सुबह उनका पार्थिव शरीर गृहग्राम पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए। घर से मुक्तिधाम तक निकली अंतिम यात्रा में पुलिस अधिकारी, जवान, परिजन और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।

कैलारस तहसील के हरलाल का पुरा निवासी तुलसी यादव बचपन से ही सेवा भावना से प्रेरित थे। देश सेवा के संकल्प के साथ वर्ष 2007 में उन्होंने मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र पुलिस बल में भर्ती ली। उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें हरियाणा के मानेसर में एनएसजी कमांडो कोर्स तथा हैदराबाद में ग्रे हाउंड कमांडो कोर्स का प्रशिक्षण दिया गया।

वर्ष 2011 में उन्हें नक्सल विरोधी अभियानों के लिए गठित हॉक फोर्स में नियुक्त किया गया। करीब 15 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने बालाघाट क्षेत्र में 13 सशस्त्र नक्सलियों के आत्मसमर्पण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने उनकी सराहना की। उन्हें भारत सरकार की ओर से आंतरिक सेवा सुरक्षा पदक तथा मध्य प्रदेश सरकार की ओर से राज्य दुर्गम सेवा पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने काउंटर टेररिस्ट ग्रुप भोपाल में भी अपनी सेवाएं दीं और उत्कृष्ट कार्य के आधार पर आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद पर आउट ऑफ टर्न पदोन्नति प्राप्त की।

मंडला जिले के एसओजी मोतीनाला में विशेष अभियानों के दौरान वह गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। मुंबई और भोपाल में उपचार के बाद 15 जुलाई 2026 की शाम उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे पत्नी और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार के दौरान जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़