भोपाल, 16 जुलाई।
राजधानी में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत अयोध्यानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झील नगर क्षेत्र से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से करीब 300 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के बाद झील नगर की झुग्गी बस्ती में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मोहन उर्फ बाला जाटव (38) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह भोपाल के इतवारा क्षेत्र से गांजा लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर झील नगर और आसपास की बस्तियों में बेचता था।
इस मामले में अयोध्यानगर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब उससे जुड़े नेटवर्क और अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ पहले से भी मारपीट, धमकी और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास सहवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला और एसीपी एम.पी. नगर दिव्या झारिया के निर्देशन में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में की गई।
पुलिस का कहना है कि "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत झुग्गी बस्तियों, स्लम क्षेत्रों और कॉलोनियों में लगातार कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही लोगों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान भी संचालित किया जा रहा है।














