नई दिल्ली, 16 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य के कपड़ा उद्योग में 1,592 करोड़ रुपये के नए निवेश से 15,700 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह निवेश टेक्सटाइल क्षेत्र को नई गति देने के साथ प्रदेश की औद्योगिक प्रगति को भी मजबूत करेगा।
गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 के दौरान वैश्विक निवेशकों और प्रमुख ब्रांड्स के साथ राउंड टेबल बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में मध्य प्रदेश से लगभग 11,750 करोड़ रुपये का टेक्सटाइल और अपैरल निर्यात अमेरिका, जर्मनी, बांग्लादेश, श्रीलंका, वियतनाम, इटली, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 100 से अधिक बड़े टेक्सटाइल एवं टेक्निकल टेक्सटाइल उद्योग तथा 43 हजार से अधिक एमएसएमई इकाइयां सक्रिय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश देश के कुल जैविक कपास उत्पादन का 47 प्रतिशत हिस्सा देकर पहले स्थान पर है। उन्होंने बताया कि राज्य केवल कपास उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि फार्म टू फैशन की पूरी वैल्यू चेन को भी विकसित कर रहा है। इसमें कपास उत्पादन, जीनिंग, स्पिनिंग, वीविंग, नीटिंग, डाइंग, फिनिशिंग, गारमेंट निर्माण और मशीनरी निर्माण तक की सभी प्रक्रियाएं राज्य में ही विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि धार जिले में विकसित हो रहा पीएम मित्रा पार्क देश का सबसे बड़ा एकीकृत कपड़ा पार्क बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे टेक्सटाइल उद्योग को और मजबूती मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसरों का विस्तार होगा।














