जबलपुर, 23 जुलाई।
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के रानीताल क्षेत्र में गुरुवार रात एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना कर्णावत पान दुकान के पास हुई। घायल युवक की पहचान तुषार परिया (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शहर के प्रसिद्ध अभिनंदन रेस्टोरेंट के संचालक का पुत्र है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद एक युवती को लेकर हुआ। बताया गया कि युवती के एक परिचित ने तुषार को मिलने के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने तुषार परिया पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के दौरान हुई धक्का-मुक्की में एक अन्य युवक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में विवाद के बाद चाकूबाजी की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।












