मंडी, 23 जुलाई।
मंडी शहर की पैलेस कॉलोनी में नौ जुलाई की सुबह अपने चाचा पर पिस्तौल तानने की घटना का आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने उसे उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपित कोई और नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता विनय कुमार शर्मा का सगा भतीजा है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि नौ जुलाई की सुबह पैलेस कॉलोनी में अपने चाचा पर पिस्तौल तानने वाले आरोपित को मोबाइल लोकेशन के आधार पर देहरादून से पकड़ा गया। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल असली थी या नकली।
शिकायतकर्ता विनय कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया था कि नौ जुलाई की सुबह करीब पांच बजे एक व्यक्ति उनके घर के मुख्य दरवाजे को क्रिकेट बैट से जोर-जोर से पीटने लगा। दरवाजा खोलने पर सामने खड़े व्यक्ति ने अपना चेहरा रुमाल से ढक रखा था और आते ही उन पर पिस्तौल तान दी।
शोर मचाने और पहचान पूछने पर आरोपित घबरा गया तथा पहली मंजिल से नीचे कूदकर मौके से फरार हो गया। शिकायत मिलने पर शहरी पुलिस चौकी ने आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान शिकायतकर्ता के सगे भतीजे के रूप में की, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई और उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। उस पर कुछ समय पहले एकादश रुद्र मंदिर के पुजारी सतसुंदरम के साथ मारपीट का आरोप भी है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। इस घटना के बाद मंडी में सनसनी फैल गई थी और शुरुआती जांच में पुलिस को कोई बड़ा सुराग नहीं मिला था।











