नोएडा, 23 जुलाई।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गुरुवार को एक चीनी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह भारत में दर्जनों शेल कंपनियां बनाकर हवाला के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन को अंजाम दे रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित अन्य आर्थिक अपराधों में भी संलिप्त थे। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना चीनी नागरिक लियाओ लॉन्गहुई वर्ष 2020 में वीजा समाप्त होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से रहकर भारतीय सहयोगियों के जरिए पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में चीनी नागरिक लियाओ लॉन्गहुई, गाजियाबाद निवासी संजीव कुमार और औरैया निवासी कौशलेंद्र शामिल हैं। तीनों को सेक्टर-93 स्थित पूर्वांचल सिल्वर सिटी से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से पांच लैपटॉप, नौ एंड्रॉयड मोबाइल, एक टैबलेट, विभिन्न कंपनियों की दस मोहरें, 11 बैंक चेकबुक, दो चीनी पासपोर्ट, एक चीनी पहचान पत्र, पैन कार्ड, कंपनी गठन से जुड़े दस्तावेज, विभिन्न बैंकों के करीब 4.72 करोड़ रुपये के चेक और नकदी बरामद की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नोएडा की एक कंपनी के माध्यम से चीनी नागरिकों का गिरोह शेल कंपनियां बनाकर हवाला और अन्य वित्तीय अपराधों को अंजाम दे रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद सेक्टर-83 स्थित वाईटीएल मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड की गतिविधियों की जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान लियाओ लॉन्गहुई आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सका।
आरोपित ने बताया कि उसके अन्य दस्तावेज सेक्टर-93 स्थित आवास पर रखे हैं। एसटीएफ की टीम जब वहां पहुंची तो कई शेल कंपनियों की चेकबुक, बैंक दस्तावेज, मोहरें और फर्जी पहचान पत्र बरामद हुए। इसके आधार पर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में लियाओ लॉन्गहुई के पास कोहिमा के सैमुअल लोथा के नाम का आधार कार्ड भी मिला, जिस पर उसकी फोटो लगी हुई थी।
पूछताछ में सामने आया कि लियाओ लॉन्गहुई वर्ष 2018 में भारत आया था। वह अपने ससुर और साले द्वारा स्थापित वाईटीएल मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड का संचालन करता था। कंपनी मोबाइल कवर बनाने का काम करती थी। आरोप है कि चीन से आयातित कच्चे माल की कीमतों में हेरफेर कर तैयार माल को दिल्ली के करोलबाग, नेहरू प्लेस समेत विभिन्न बाजारों में अंडर इनवॉयसिंग के जरिए बेचा जाता था। इस प्रक्रिया से बचाई गई रकम हवाला नेटवर्क के माध्यम से चीन भेजी जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय अवैध धन के लेन-देन के लिए किया जा रहा था।
जांच में कई शेल कंपनियों के नाम सामने आए, जिनके नाम पर बैंक खाते खोलकर करोड़ों रुपये का लेन-देन किया जाता था। इसके अलावा हांगकांग में पंजीकृत कुछ कंपनियों का उपयोग भी धन के ट्रांसफर और हवाला कारोबार के लिए किया जा रहा था। एसटीएफ का कहना है कि इन कंपनियों का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के उद्देश्य से किया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपित ने अपने चालक के नाम से भी एक कंपनी बना रखी थी।
पुलिस के मुताबिक लियाओ लॉन्गहुई ने भारतीय सहयोगियों संजीव कुमार और कौशलेंद्र की मदद से फर्जी कंपनियां तैयार कीं। संजीव कुमार पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट है और उस पर कंपनियों का गठन, बैंक खाते खुलवाने तथा दस्तावेज तैयार कराने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। एसटीएफ अब यह पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कितने चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सचिव या अन्य पेशेवर शामिल थे। आरोप है कि गिरोह लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कंपनियां खोलता था और उनके बैंक खातों का नियंत्रण अपने पास रखकर हवाला नेटवर्क संचालित करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि लियाओ लॉन्गहुई का भारतीय वीजा वर्ष 2020 में समाप्त हो चुका था, लेकिन वह लगातार भारत में रहकर अपनी गतिविधियां संचालित करता रहा। उसके पास से बरामद फर्जी आधार कार्ड को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2019 में वाईटीएल मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड में रवि कुमार ढककर उर्फ नटवरलाल नाम का व्यक्ति शेयरधारक था। उस पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कंपनी का पैन और जीएसटी पंजीकरण कराने का आरोप है। वह पहले से धोखाधड़ी, जालसाजी और विदेशी अधिनियम के मामलों में गिरफ्तार होकर गौतमबुद्धनगर जेल में बंद है। एसटीएफ अब इस पुराने मामले और मौजूदा नेटवर्क के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपितों से बरामद दस्तावेजों, बैंक खातों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। इसके आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला नेटवर्क और अन्य संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल होगी। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच के लिए अन्य केंद्रीय एजेंसियों से भी समन्वय किए जाने की संभावना है।












