फर्रुखाबाद, 23 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार पर ड्यूटी कर रहे एक होमगार्ड से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष समेत पांच लोगों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपों के आधार पर फतेहगढ़ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
होमगार्ड शिव पूजन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह 22 जुलाई की शाम से 23 जुलाई की रात तक कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी अपने 50 से 60 समर्थकों के साथ वहां पहुंचे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्य गेट खोलने से इन्कार करने पर कुछ लोगों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपित साइड गेट से कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर गए। विरोध करने पर होमगार्ड के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। आरोप है कि बाद में समर्थकों ने एनआईसी गेट खुलवाकर वाहनों के साथ परिसर में प्रवेश किया तथा धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हुई।
होमगार्ड की तहरीर के आधार पर अजय कटियार समेत कई लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद ने बताया कि इस मामले में भाकियू जिलाध्यक्ष अजय कटियार और उनके कई साथियों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।












