नई दिल्ली, 27 जुलाई।
सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने छात्र आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हो रही कथित कार्रवाई पर सोमवार को चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाए जाने, हिरासत में लेने और गिरफ्तार किए जाने की सूचनाएं मिल रही हैं।
सौरव दास ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार समेत कई राज्यों से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं, जिन्हें लेकर सीजेपी चिंतित है। उन्होंने कहा कि संगठन ने अपना देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन सरकार के इस भरोसे के बाद स्थगित किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ अभी या भविष्य में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले संगठन हर प्रदर्शनकारी को भरोसा दिलाना चाहता है कि उसकी कानूनी टीम संबंधित राज्यों के वरिष्ठ वकीलों के साथ मिलकर हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई सुनिश्चित कराने और हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में जुटी है। उनके अनुसार यह प्रयास पहले दिन से लगातार जारी है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार, विशेष रूप से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से अपील की कि प्रदर्शनकारियों को लेकर दिए गए आश्वासन का पालन किया जाए। उन्होंने हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने, किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ जबरन या प्रतिशोधात्मक कार्रवाई नहीं करने और दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग की।
सौरव दास ने कहा कि देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन रोकने का निर्णय सरकार के आश्वासन पर विश्वास करते हुए लिया गया था। उन्होंने कहा कि यदि उस भरोसे का पालन नहीं किया गया तो यह केवल सीजेपी के साथ विश्वासघात नहीं होगा, बल्कि उन लाखों युवाओं के विश्वास को भी ठेस पहुंचेगी जिन्होंने आंदोलन के बजाय बातचीत का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं होगा।

















