नई दिल्ली, 27 जुलाई।
सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के छात्र आंदोलन के दौरान अनशन पर रहे पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक को सोमवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इसकी जानकारी उन्होंने स्वयं एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो के माध्यम से दी।
सोनम वांगचुक ने कहा कि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल रही है। अब वह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाएंगे और इसके बाद पहाड़ों की ओर लौट जाएंगे।
उन्होंने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों और पूरे स्टाफ का आभार भी व्यक्त किया।
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर करीब 37 दिनों तक चले सीजेपी के छात्र आंदोलन के दौरान 26 दिनों तक अनशन किया था। अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां से सोमवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई।
यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था। इसके बाद बीते शनिवार को शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे दिया। साथ ही सीजेपी ने भविष्य में इस तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में बदलाव की भी मांग की थी। संगठन का कहना है कि इस मांग को लेकर भी सरकार ने उन्हें आश्वासन दिया है।

















