भोपाल, 27 जुलाई।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घर के पास स्थित एक कलारी के सामने आरोपी ने युवक पर चाकू से लगातार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
मृतक की पहचान गौतम नगर थाना क्षेत्र के अटल अयूब नगर स्थित गणेश मंदिर के पास रहने वाले 25 वर्षीय सचिन पंथी के रूप में हुई है। वह चौक बाजार की एक क्रॉकरी दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। परिवार में उसके पांच भाई और एक बहन हैं तथा वह भाइयों में तीसरे स्थान पर था। पुलिस के मुताबिक रविवार रात सचिन घर के पास स्थित कलारी की ओर गया था। इसी दौरान राकेश पंथी ने उसे रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पेट, सीने और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलते ही गौतम नगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला को लेकर विवाद का आरोप
मृतक के भाई छोटू पंथी का आरोप है कि आरोपी राकेश पंथी रिश्ते में उनकी बुआ का बेटा है और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। उनका कहना है कि आरोपी उनकी पत्नी पर अभद्र टिप्पणियां करता था, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया था।
छोटू पंथी के अनुसार करीब 20 वर्ष पहले उनकी दादी ने मोहल्ले का एक मकान उनकी बुआ को दिया था। बाद में वह मकान बेच दिया गया, जिसे करीब दो महीने पहले उनके परिवार ने दोबारा खरीद लिया। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने का आरोप है। परिजनों का कहना है कि करीब 20 दिन पहले नए मकान के गृह प्रवेश के दौरान भी आरोपी ने विवाद किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई बार फोन कर धमकियां दे चुका था।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
परिजनों का दावा है कि आरोपी राकेश पंथी पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके साथ ही घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
दो पहलुओं पर जांच
पुलिस इस मामले में पारिवारिक विवाद और कथित महिला संबंधी विवाद, दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात पहले से सुनियोजित थी या किसी विवाद के दौरान अचानक हुई। गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उसे जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

















