वाराणसी, 28 जुलाई।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित वीडीए कॉलोनी में मंगलवार तड़के एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। कमरे से उसका रक्तरंजित शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस, एसीपी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने मृतक के साथ रहने वाले उसके मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीपांशु राय के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त खुश पांडेय के साथ बजरडीहा स्थित वीडीए कॉलोनी के एक कमरे में रहता था। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना मिली कि दीपांशु अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे के भीतर दीपांशु का शव खून से लथपथ मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी धारदार हथियार, संभवतः चाकू, से हमला कर उसकी हत्या की गई।
पुलिस ने बताया कि दीपांशु राय और खुश पांडेय दोनों एक ही कमरे में रहते थे। घटना की सूचना रात करीब तीन बजे मिली थी। मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद मृतक के मित्र खुश पांडेय को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

















