ग्रेटर नोएडा, 28 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में थाना बीटा-2 पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार तड़के एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से भारत में अवैध रूप से रह रहा था। फिलहाल उससे विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सॉन्ग जियाओमी (38) के रूप में हुई है। उसे एनआरआई सिटी के पास से पकड़ा गया। जांच में पता चला कि वह ग्रेटर नोएडा की जेपी ग्रीन सोसायटी में रह रहा था। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि वह 26 जून 2019 से 25 जून 2020 तक की अवधि वाले वैध वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी उसने देश नहीं छोड़ा और यहीं रहना जारी रखा।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वीजा की अवधि खत्म होने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड बनवाया। इसी आधार पर उसने पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज तैयार कराए और उन्हीं के सहारे जेपी ग्रीन सोसायटी में रहने लगा।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी ने पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की रहने वाली एक युवती से विवाह किया है। उसकी तीन वर्ष की एक बेटी भी है। बताया गया है कि वह अपनी पत्नी के नाम पर कंस्ट्रक्शन कंपनी का संचालन कर रहा है। मामले में उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं वह भारत में रहकर जासूसी जैसी गतिविधियों में तो शामिल नहीं था।













