नई दिल्ली, 28 जुलाई।
संसद परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल की साप्ताहिक 'मंगल मिलन' बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर विस्तृत प्रस्तुति दी। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कोई संबोधन नहीं दिया।
सूत्रों के अनुसार, प्रस्तुति के दौरान मुक्त व्यापार समझौतों से देश को मिलने वाले आर्थिक और व्यापारिक लाभों की जानकारी साझा की गई। बैठक में इस विषय से संबंधित एक प्रस्ताव भी पढ़ा गया, जिस पर उपस्थित सांसदों को अवगत कराया गया।
बैठक में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह 'लल्लन सिंह' ने मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों और इस क्षेत्र में हुए कार्यों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने विभाग की प्रमुख पहलों और अब तक की प्रगति की जानकारी सांसदों के सामने रखी।
बैठक के बाद सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि सांसदों को फ्री ट्रेड की पूरी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013-14 तक भारत पर भारी शुल्क लगाया जाता था, लेकिन अब दुनिया के विकसित देश भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौतों के तहत कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बैठक में आने वाले शिक्षा संबंधी विधेयक पर सांसदों को जानकारी दी गई और उसमें सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया गया।
इस बैठक में पहली बार नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया को विशेष आमंत्रित दल के रूप में शामिल किया गया। यह दल विपक्ष से अलग हुए 20 सांसदों से मिलकर बना है। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे सहित एनडीए के अनेक सांसद और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।












